Breaking: प्रदेश के 5 जिलों में शीतलहर 23 तक बारिश बर्फबारी का अलर्ट
शिमला-19 जनवरी. प्रदेश में जनवरी की ठंड ने अपना प्रकोप और तेज़ कर दिया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक शीतलहर का प्रकोप महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन भी ठिठुरन से राहत नहीं मिलने वाली है। 5 जिलों बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा और मंडी में शीतलहर दर्ज की गई है, जबकि राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान भी गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि पिछले 24 घंटों में राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में भी कहीं बर्फबारी नहीं हुई है और आज भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है। राजधानी शिमला में सुबह से धूप खिली हुई है, वहीं मैदानी इलाकों में कोहरे का असर अपेक्षाकृत कम रहा। हालांकि, यह साफ मौसम ज्यादा दिन टिकने वाला नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अगले दो दिन मौसम में कोई बदलाव नहीं आएगा। इसके बाद 22 से 25 जनवरी के बीच प्रदेश भर में मौसम खराब रहेगा और 23 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस सबसे अधिक सक्रिय होगा। इसके चलते ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और निचले व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा की आशंका जताई गई है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि इस सिस्टम के प्रभाव से लंबे समय से चला आ रहा ड्राई स्पेल टूटेगा, जो किसानों के लिए राहत की खबर हो सकती है।