Breaking: संजौली में ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान पर दो युवकों का हमला, घायल


शिमला, 17 जनवरी: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली इलाके में कानून-व्यवस्था को खुलेआम चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यंहा पर तेज़ रफ्तार वाहन से हादसा कर फरार होने की कोशिश कर रहे दो युवकों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि उसके साथ मारपीट कर उसे घायल भी कर दिया। यह घटना राजधानी में पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।
जानकारी के अनुसार ठियोग क्षेत्र के रहने वाले दोनों युवक तेज़ रफ्तार में कार चला रहे थे। संजौली में उनकी गाड़ी एक अन्य वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद युवक बिना रुके मौके से भागने लगे। पास ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल ने जब उन्हें रोककर पूछताछ की तो युवक भडक़ गए।
पहले तीखी बहस हुई और कुछ ही देर में मामला हाथापाई में बदल गया।
आरोप है कि दोनों युवकों ने पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ मारपीट की, जिससे
उसे चोटें आईं। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
घायल कॉन्स्टेबल का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है, वहीं आरोपियों का भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत
केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के
समय आरोपी नशे की हालत में थे या नहीं।

पुलिस पर हमले की यह घटना प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय
संजौली क्षेत्र में इससे पहले भी पुलिस कर्मियों के साथ दुव्र्यवहार और
मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में ड्यूटी पर तैनात पुलिस पर
हमले की यह घटना प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।

उधर, एसएसपी शिमला संजीव गांधी ने दो टूक कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारी पर हाथ उठाना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *