Breaking: देवता बड़ादेव कमरुनाग जी के गुर द्वारा की गई भविष्यवाणी सही न होने पर हटाया गुर


मंडी-16 जनवरी.हिमाचल में एक अनोखी घटना मंडी में सामने आई है। जहां देवता के गुर द्वारा की गई भविष्यवाणी पूरी न होने पर देवता के गुर को हटा दिया है। मामला मंडी के आराध्य देवता बड़ा देव कमरुनाग जी का है जहां देवता के गुर द्वारा की गई भविष्यवाणी सही न हुई तो उन्हें गद्दी पर से हटा दिया। बता दें कि देवता कमरुनाग जी को जिन्हें वर्षा के देवता के रूप में विशेष श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा जाता है। लंबे समय से क्षेत्र में बारिश न होने और सूखे जैसे हालात बनने पर देव परंपराओं के अनुसार बड़ा देव कमरुनाग को अब पुजारी के हवाले कर दिया गया है। इस प्रक्रिया के तहत देवता के वर्तमान गूर देवी सिंह को गद्दी से हटा दिया गया है।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र में समय पर वर्षा न होने से किसान और बागवान गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। खेत सूख चुके हैं फसलें बर्बादी की कगार पर हैं और बागवानी पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। बारिश की कामना को लेकर पहले चरण में धंग्यारा ग्लू में परंपरा अनुसार पूर्व गुरुओं द्वारा प्रतिदिन धूप जलाकर परते लिए गए लेकिन इसके बावजूद बारिश नहीं हुई। इसके बाद देवता कमेटी के सदस्य भगतजन और सात गढ़ के लोग एकत्र हुए और इस विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। लंबी और गंभीर विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि देव परंपराओं के अनुसार वर्तमान गूर को गद्दी से हटाया जाए।

देवता के कटवाल चेत राम ने पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि देवी सिंह को विधिवत रूप से बड़ा देव कमरूनाग के गुर पद से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि परंपरागत रीति-रिवाजों का पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ पालन करते हुए देर सायं देवता को देवी सिंह के घर से पुजारी बोधराज के घर ले जाया गया। यह पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और मर्यादित ढंग से संपन्न हुई। बताया जा रहा है कि देवी सिंह पिछले लगभग तीन वर्षों से बड़ा देव कमरूनाग के गूर के रूप में सेवाएं दे रहे थे। परंतु इस बार तय समय पर वर्षा न होने के कारण देव परंपरा के तहत उन्हें गूर की गद्दी छोड़नी पड़ी। अब आगे से गोत निवासी पुजारी बोधराज देवता की पूजा-अर्चना करेंगे और बड़ा देव कमरुनाग उन्हीं के घर में विराजमान रहेंगे।

बता दें कि क्षेत्र में लंबे समय से बारिश न होने से हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। ऐसे में यह निर्णय लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है। क्षेत्रवासी देव आस्था के साथ बड़ा देव कमरुनाग से शीघ्र वर्षा की कृपा की कामना कर रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *