Breaking: प्रदेश में आज रात से अगले 6 दिन बारिश बर्फबारी के आसार


शिमला-16जनवरी. हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण शुक्रवार से छ दिन तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 19 और 20 जनवरी को मौसम का अधिक प्रभाव रहेगा। इस दौरान प्रदेश में ड्राई स्पेल टूटने की संभावना भी जताई गई है। 16 से 21 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। इसी बीच मैदानी जिलों मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर और ऊना में शीतलहर का प्रकोप अगले 24 घंटे में भी जारी रहने की संभावना है।

संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 16 से 18 जनवरी के बीच अधिक ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होगी। वहीं, 19 जनवरी को मौसम का असर और व्यापक हो सकता है। इस दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश के साथ ही ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है। हालांकि शिमला शहर, कुफरी, नारकंडा और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों में इस दौरान बर्फबारी कम रहने की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते तापमानों में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ने की संभावना है। वर्तमान में प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहे हैं।मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय सावधानी बरतें और शीतलहर के प्रकोप के मद्देनजर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *