Breaking: सूबे में 16 जनवरी से मौसम बदलेगा करवट


शिमला-14 जनवरी. प्रदेश में लंबे समय से सूखे जैसे हालात बने हुए हैं. इस माह में अभी तक सामान्य से 90 फीसदी कम बारिश हुई है. 1 से 14 जनवरी के बीच 2.7 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 28.6 मिलीमीटर बारिश का है. 1 दिसंबर से 29 दिसंबर तक मात्र 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई थी. इस दौरान प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा 34.5 मिलीमीटर बारिश का है. जनवरी और दिसंबर माह से भी पहले अक्तूबर और नवंबर में नाममात्र की बारिश हुई थी. नवंबर में 99 फीसदी कम बारिश हुई थी. नवंबर से लेकर 31 दिसंबर तक हिमाचल में लंबा ड्राई स्पेल चला था. अब मौसम विभाग के मुताबिक दोबारा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से इस ड्राई स्पेल के टूटने के आसार हैं. मौसम विभाग के मुताबिक 16 से 20 जनवरी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, लाहौल स्पीति, किन्नौर बर्फबारी और बारिश की संभावना है. मैदानी इलाकों में इस दौरान बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, सोलन, शिमला जैसे क्षेत्रों में मौसम इस दौरान शुष्क बना रह सकता है.

मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम बिल्कुल साफ बना हुआ है. हालांकि 16 जनवरी से प्रदेश में मौसम करवट बदलेगा. इस दौरान प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि निचले क्षेत्र में भी मौसम खराब होगा, लेकिन कुछ एक क्षेत्र में ही बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है. प्रदेश में 20 जनवरी तक मौसम खराब रहेगा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा प्रभावी नही है. कुछ क्षेत्रो में ही इसका असर रहेगा. आगामी दो दिन शीतलहर को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है और कोहरे को लेकर भी अलर्ट रहेगा.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *