सूबे में विंटर सीजन के दौरान 85 फीसदी कम बरसे मेघ,अभी एक सप्ताह शुष्क रहेगा मौसम


शिमला-10जनवरी. प्रदेश में शुष्क माैसम के साथ शीतलहर का असर लगातार जारी है।मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में बारिश-बर्फबारी के फिलहाल कोई आसार नहीं है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 16 जनवरी तक  धूप खिली रहेगी। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी के कुछ भागों में 14 जनवरी तक सुबह और देर रात के समय घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कुछ भागों में शीतलहर का अलर्ट है।  अगले 4-5 दिनों में राज्य में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे लगभग 2-5 डिग्री बढ़ने की संभावना है। अगले 5-6 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है।

बता दें कि राज्य में माैजूद विंटर सीजन में सामान्य से 85 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। राज्य में 1 से 10 जनवरी के लिए 18.7 फीसदी बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 2.7 फीसदी बारिश ही दर्ज की गई। बिलासपुर में सामान्य से 88, चंबा 87, हमीरपुर 98, कांगड़ा 84, किन्नाैर 100, कुल्लू 100, लाहाैल-स्पीति 75, मंडी 85, शिमला 97, सिरमाैर 99 व सोलन में 60 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई।

 बीते 24 घंटों के दाैरान बरठीं, मंडी, हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर व पालमपुर में शीतलहर दर्ज की गई है। राज्य में 10 स्थानों पर रात का पारा माइनस में दर्ज किया गया है। जबकि चार जगह शून्य डिग्री सेल्सियस है। राजधानी शिमला में भी रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। वहीं सुबह के समय सड़कों पर फिसलन बढ़ने से वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से कम चल रहा है। इससे ठिठुरन बढ़ गई है। शनिवार को राजधानी शिमला व अन्य भागों में धूप खिली रही। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *