शिमला-29 दिसंबर. इंडियन कॉफी हाउस शिमला में कॉफी के शौकीन चुस्कियां लेने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हैं। देश- विदेश के सैलानी यहां कॉफी की चुस्कियां लेने के लिए आते हैं। जब भी कोई पर्यटक या स्थानीय लोग कॉफी हाउस में कॉफी की चुस्की लेने के लिए यहां पहुंचते हैं तो कॉफी हाउस में सबसे सीनियर कर्मचारी भागीरथ के हाथों ही कॉफी पीने के लिए उत्सुक रहते हैं। अब यही भागीरथ इसी माह की 31 तारीख को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। भागीरथ, इंडियन कॉफी हाउस में 42 वर्षों से नियमित रूप से सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में इंडियन कॉफी हाउस उनकी सेवानिवृत्ति को यादगार बनाना चाह रहे हैं।
बता दें कि भागीरथ ने देश के मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर लाल कृष्ण आडवाणी समेत कई दिग्गज नेताओं को कॉफी पिलाई है। सोलन के बड़ोग गांव के रहने वाले भागीरथ एक गरीब परिवार से सम्बंध रखते हैं जिनका जन्म 1968 में एक गरीब परिवार में हुआ। भागीरथ अपने 6 भाई बहनों में से एक हैं जिन्होंने सन 1984 में इंडियन कॉफी हाउस में अपनी सेवाएं देना शुरू कर दिया। 1986 में वह कॉफी हाउस में नियमित हुए उसके बाद से आज तक लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वैसे तो कॉफी हाउस में कॉफी के दीवाने देशभर और विदेशों से पर्यटक आते हैं लेकिन यहां के स्टाफ का सौम्य और सादगी भरा स्वभाव देखकर हर कोई उनका दीवाना हो जाता है।
हिमाचल के दिग्गज राजनेता जिसमें पहले मुख्यमंत्री वाई एस परमार ,पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह,शांता कुमार,प्रो प्रेम कुमार धूमल समेत मौजूदा सीएम ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जैसे तमाम मौजूदा नेताओं और अभिनेता अनुपम खेर हैं। जिनका भागीरथ के साथ गहरा नाता रहा है। भागीरथ उन वरिष्ठ नागरिकों को भी अपने हाथों से कॉफी पिलाते हैं जिन्होंने विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दी और अब प्रदेश और देश के हर पहलुओं पर अपना चिंतन- मंथन करने के लिए कॉफी हाउस में बैठकर अपना समय व्यतीत करते हैं। कॉफी हाउस के भीतर जो भी कॉफी के शौकीन आते हैं वे एकटक भागीरथ को निहारते रहते हैं कब वे उनके टेबल पर आएं और कब उन्हें कॉफी हाउस की कॉफी पिलाएं।
भागीरथ कॉफी हाउस में सबसे वरिष्ठ कर्मचारी हैं जो निरंतर अपनी सेवायें देकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। यदि आप भी कॉफी के दीवाने हैं तो एक बार शिमला के मॉल रोड़ पर स्थित मशहूर कॉफी हाउस में आकर भागीरथ से जरूर मिलें ।

शिमला जन विकास मंच के संयोजक सुभाष वर्मा का कहना है कि वे 1972 से कॉफी हाउस में कॉफी की चुस्की लेने के लिए आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि 1972 में इंडियन कॉफी हाउस में 20 पैसे की कॉफी मिला करती थी लेकिन अब इसी कॉफी के दाम समय के साथ साथ बढ़ गए हैं अब 50 रूपए के करीब कॉफी के रेट हो गए हैं। कॉफी हाउस ने सबसे सीनियर कर्मचारी भागीरथ करीब 40 वर्षों से नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। भागीरथ सौम्य स्वभाव के धनी साफ- सुथरी स्वच्छ छवि के व्यक्ति हैं यही कारण है कि उन्होंने सबसे ज्यादा समय तक इंडियन कॉफी हाउस में सेवाएं दी हैं। भागीरथ का सब लोगों के साथ अच्छा बर्ताव व व्यबहार रहा है। भागीरथ कॉफी हाउस का सबसे पसंदीदा डोसा,बड़ा, इडली और कॉफी आदि बहुत ही स्वादिष्ट बनाते हैं। इसलिए भागीरथ की सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने भगीरथ के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
