Breaking: प्रदेश में आज आधी रात से 108 व 102 एंबुलेंस कर्मियों की दो दिवसीय हड़ताल, झेलनी पड़ सकती है परेशानी


शिमला-25 दिसंबर. हिमाचल प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े 108 और 102 एंबुलेंस कर्मी आज आधी रात से 48 घंटे की हड़ताल पर जाने वाले हैं। यह हड़ताल 25 दिसंबर रात आठ बजे से शुरू होकर 27 दिसंबर रात आठ बजे तक चलेगी। हड़ताल के ऐलान से प्रदेशभर में एंबुलेंस सेवाओं पर असर पड़ना निश्चित है। 108 एवं 102 कांट्रेक्ट वर्कर यूनियन के महासचिव बालकराम ने बताया कि कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर दो हफ्ते पहले ही सरकार और संबंधित विभाग को अल्टीमेटम दे दिया था, लेकिन इस दौरान न तो कोई ठोस बातचीत हुई और न ही समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की गई। उन्होंने कहा कि मजबूरी में कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

बालकराम के अनुसार प्रदेश के सभी 1300 कर्मचारी इस हड़ताल में एकजुट हैं। यूनियन का आरोप है कि कर्मचारियों के वेतन से ईपीएफ के दोनों हिस्से काटे जा रहे हैं, जबकि नियमों के अनुसार इसमें नियोक्ता का भी योगदान होना चाहिए। इसके अलावा स्वास्थ्य सचिव और निदेशक उन्हें अपना कर्मचारी मानने को तैयार नहीं हैं, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों की मांग है कि लंबित वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए, न्यूनतम वेतन का पूरा भुगतान हो और वेतन समय पर जारी किया जाए। साथ ही सेवा सुरक्षा और नियमितीकरण के लिए स्पष्ट नीति बनाने की भी मांग उठाई गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *