शिमला में कुत्ते के मुंह में दिखा नवजात का शव,मचा हड़कंप


शिमला-24 दिसंबर. राजधानी शिमला के ढली के देवली कॉलोनी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक लावारिस कुत्ते के मुंह में लोगों ने नवजात का शव देखा। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने कुत्तों को भगाकर शव को नोचने से बचाया और मामले की सूचना ढली पुलिस स्टेशन में दी गई। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मामला मंगलवार सुबह का बताया जा रहा है, क्षेत्र के देवली कॉलोनी के समीप नंद कॉटेज के पास स्थानीय लोगों ने लावारिस कुत्ते के मुंह में एक नवजात का शव देखा। यह देखकर लोगों के होश फाख्ता हो गए। 
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिएIGMC शिमला भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हाल ही में प्रसव कराने वाली महिलाओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की धारा 94 के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और नवजात के माता-पिता की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस संबंध में कोई जानकारी हो तो पुलिस को तुरंत सूचित करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *