Breaking: IGMC में मरीज के साथ मारपीट करने वाला डॉ. सस्पेंड ,आज SP से मिलेंगे चौपाल के लोग


शिमला-23दिसंबर. प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान IGMC में एक मरीज के साथ चिकित्सक के पिटाई करने के मामले में प्रदेश सरकार ने संज्ञान लेते हुए आरोपी चिकित्सक को आगामी आदेशों तक सस्पेंड कर दिया है।चिकित्सक को मेडिकल एजूकेशन के मुख्यालय (निदेशक कार्यालय) में रिपोर्ट करने को कहा है। इसके साथ ही सरकार के आदेशों पर हाई पावर कमेटी जांच के लिए बनाई गई है।
IGMC के एमएस डाॅ. राहुल राव ने कहा कि चिकित्सक को सरकार के आदेशों पर सस्पेंड कर दिया है हाई पावर कमेटी इस मामले की जांच करेगी। मुख्यमंत्री ने भी जल्द इस मामले की जांच कर निर्णय लेने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के आदेशों पर अस्पताल प्रबंधन ने चेस्ट एंड डीबी विभागाध्यक्ष की अध्यक्षता में बनी तीन सदस्यीय कमेटी ने छह बजे रिपोर्ट सौंपी। इसके बाद सरकार के आदेशों पर चिकित्सक को सस्पेंड कर दिया गया। डॉ. राहुल राव ने कहा कि अभी तक वायरल वीडियो और मरीज तथा उसके तीमारदारों का बयान ही आया है अभी चिकित्सक से बात की जानी है। हाई पावर कमेटी सभी का पक्ष जानेगी। अस्पताल प्रशासन ने चार घंटे में प्रारंभिक जांच पूरी कर रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है और सरकार के आदेशों पर कार्रवाई कर दी है। उन्होंने कहा कि किसी को भी शिकायत है, तो लिखित में दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी डॉक्टर और मरीज तथा उसके तीमारदारों का भी मेडिकल हुआ है। पुलिस निष्पक्षता से जांच कर रही है। MS ने कहा कि RDA एसोसिएशन के पदाधिकारी आरोपी चिकित्सक को मिलने जरूर आए थे जिस वजह से कुछ देर माहौल खराब हुआ लेकिन बाद में स्थिति नियंत्रित हो गई थी। उन्होंने लोगों से भी अस्पताल का माहौल बेहतर बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

उधर,चौपाल क्षेत्र से संबंधित लोग देररात तक हंगामा करते रहे और आरोपी डॉक्टर को नौकरी से बर्खास्त करने की मांग पर अड़े रहे। लोगों का कहना है कि वे इस मामले पर आज SP शिमला से मिलेंगे और उचित कार्रवाई की मांग करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *