शिमला-21दिसंबर. नववर्ष से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर सफर महंगा कर लोगों को झटका दिया है। शनिवार मध्यरात्रि से सनवारा टोल प्लाजा पर नई दरें लागू कर दी गई हैं। इससे न केवल आम यात्रियों बल्कि पर्यटन कारोबार पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। कालका-शिमला एनएच के सनवारा टोल प्लाजा में टोल शुल्क में बढ़ोतरी की गई है. यह शनिवार रात 12 बजे से लागू कर दिया गया है. एनएचएआई ने ये नई दरें लागू कर दी हैं. कार व छोटे वाहनों के एक तरफ़ टोल में सीधे 40 रुपये और बड़े वाहनों के लिए सिधे 285 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं. वंही 24 घंटें में वापसी के लिए कार व छोटे वाहनों के एक तरफ़ टोल में 60 रुपये से लेकर बड़े वाहनों के लिए 385 रुपये तक टोल में बढ़ोतरी की है.नई टोल दरों के अनुसार कार, जीप, वैन व हल्की मोटर गाड़ी के लिए एक तरफा यात्रा शुल्क पहले 70 लगता था अब 110 रुपये होगा और 24 घंटे में वापसी शुल्क 105 की जगह 165 रुपये लगेगा. ऐसे ही पचास यात्राओं का मासिक पास 3,675 रुपये होगा. जिले में पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों के लिए 55 रुपये शुल्क तय किया गया है.
हैरानी की बात यह है कि एक ही साल में तीसरी बार सनवारा टोल प्लाजा पर शुल्क में बदलाव किया गया है। NHAI की ओर से आदेश टोल प्लाजा संचालकों को जारी कर मध्यरात्रि से वसूली के निर्देश दिए गए।
NHAI के अनुसार परवाणू से सोलन और सोलन से कैथलीघाट तक का क्षेत्र सनवारा टोल प्लाजा में शामिल किया गया है। इसके तहत 80.722 किलोमीटर के दायरे के लिए संशोधित टोल शुल्क तय किया गया है। नई दरें वाहनों की श्रेणी के अनुसार निर्धारित की गई हैं, जिनमें एकतरफा यात्रा, 24 घंटे में वापसी, 50 यात्राओं का मासिक पास और जिले में पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग-अलग शुल्क शामिल हैं।
अचानक बढ़ी दरों से यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। पर्यटन सीजन की शुरुआत से पहले टोल बढ़ोतरी से होटल, टैक्सी और ट्रांसपोर्ट कारोबार पर भी असर पड़ सकता है।
ये रहेगा नया टोल शुल्क
कार/जीप/वैन/हल्की मोटर गाड़ी:
एकतरफा ₹110 | 24 घंटे में वापसी ₹165 | मासिक पास ₹3,675 | जिले में पंजीकृत ₹55
हल्के कमर्शियल वाहन/मिनी बस:
एकतरफा ₹180 | वापसी ₹265 | मासिक पास ₹5,935 | जिले में पंजीकृत ₹90
बस और ट्रक (दो एक्सल):
एकतरफा ₹375 | वापसी ₹560 | मासिक पास ₹12,440 | जिले में पंजीकृत ₹185
तीन एक्सल वाहन:
एकतरफा ₹405 | वापसी ₹610 | मासिक पास ₹13,570 | जिले में पंजीकृत ₹205
एचसीएम/ईएमई/एमएवी (4–6 एक्सल):
एकतरफा ₹585 | वापसी ₹880 | मासिक पास ₹19,510 | जिले में पंजीकृत ₹295
ओवर साइज्ड वाहन (7 या अधिक एक्सल):
एकतरफा ₹710 | वापसी ₹1,070 | मासिक पास ₹23,750 | जिले में पंजीकृत ₹355
पहले ये वसूला जाता था शुल्क
➤ कार/जीप/वैन: ₹70 | ₹105
➤ हल्के कमर्शियल वाहन/मिनी बस: ₹115 | ₹170
➤ बस/ट्रक (दो एक्सल): ₹240 | ₹360
➤ तीन एक्सल वाहन: ₹260 | ₹390
➤ 4–6 एक्सल वाहन: ₹375 | ₹565
➤ ओवर साइज्ड वाहन: ₹455 | ₹685
