Breaking: GST के नाम पर 11 सालों से लूटा अब बिहार चुनाव से पहले जनता को किया जा रहा गुमराह: जगत नेगी


शिमला-24सितंबर. प्रदेश में मानसून ने इस बार कहर बरपाया है जिसका असर आजकल भी सूबे के कई क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। सूबे में अभी भी जनजीवन पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट पाया है। राजस्व मंत्री जगत नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में इस वक्त भी 2 राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 320 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इसके साथ ही 46 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं और 69 पेयजल योजनाएं ठप हैं। प्राकृतिक आपदाओं से अब तक 454 लोगों की मौत, 498 घायल और 50 लोग लापता बताए गए हैं। जगत नेगी ने सेब सीजन की स्थिति पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक 1 करोड़ 90 लाख सेब की पेटियां मंडियों तक पहुंच चुकी हैं, जबकि HPMC ने 60 हजार मीट्रिक टन सेब की खरीद की है। इस बीच विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों कि खराब सड़कों के कारण सेब फंसा हुआ है, को उन्होंने पूरी तरह भ्रामक बताया।

राजस्व मंत्री ने कहा कि सेब की ढुलाई में समस्या केवल लाहौल-स्पीति में हुई है क्योंकि नॉर्थ पोर्टल की सड़क बंद थी। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि इस मामले में भाजपा को सुक्खू सरकार को कोसने के बजाय केंद्र सरकार से सवाल करना चाहिए क्योंकि यह सड़कें BRO के अधीन आती हैं।

इसके साथ ही उन्होंने GST सुधारों पर भाजपा के अभियान को भी गुमराह करने वाला बताया। जगत नेगी ने कहा कि केंद्र सरकार ने 11 साल तक GST के नाम पर जनता को लूटा और अब बिहार चुनाव से पहले इसे हटाने का ढिंढोरा पीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी यही राजनीति चल रही है। कच्चे तेल की कीमतें घटने के बावजूद तेल के दाम कम नहीं किए जा रहे, जबकि जनता पर बोझ लगातार बढ़ रहा है। नेगी ने साफ कहा कि भाजपा को 11 साल तक जीएसटी वसूली का हिसाब देना चाहिए, न कि जनता को भ्रमित करना चाहिए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *