कांगड़ा-23 सितंबर. कांगड़ा नगरोटा बगवां में भांग की खेती करने का अनोखा मामला सामने आया है.यहां एक व्यक्ति ने हाइब्रिड ढंग से भांग की खेती का करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने खेती को नष्ट करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि कांगड़ा जिले का रौंखर निवासी अपने घर में हाइब्रिड तरीके से भांग की खेती को तैयार करने के बाद इसको विदेशी पर्यटकों को बेच रहा है. साथ ही धर्मशाला पर्यटन क्षेत्र में होने वाली विदेशियों की पार्टियों में यहीं से हाई क्वालिटी चरस की सप्लाई की जाती थी.जांच के दौरान गमलों और कमरों में लगाए भांग के 23 पौधे, 13 भांग की कलमें, जड सहित, तीन पोलीथीन लिफाफों में भांग की सूखी पत्तियां, लेंटर पर बने कमरे में बन्धी रस्सियों के उपर 27 पौधे और 11 अमेरिकी डॉलर, नेपाली मुद्रा के दो नोट और 13300 रूपए भारतीय करंसी बरामद हुए हैं.
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न की अगुवाई में पुलिस पिछले एक माह से इस मामले की व्यापक छानबीन में जुटी हुई थी. छानबीन में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने आरोपी के नगरोटा बगवां में स्थित घर छापा मारा. इस दौरान खेती में इस्तेमाल की जा रही तकनीक को देख कर पुलिस भी दंग रह गई. हाइब्रिड भांग को तैयार करने के लिए आरोपी ने 24 डिग्री का वांछित टेंपरेचर मेंटेन करने के लिए कमरों में बाकायदा पंखे और तापमान को मापने के लिए थर्मामीटर भी लगा रखे थे. पानी की हल्की बोछारों के लिए सिस्टेमेटिक ढंग से पाईपें लगाई गई थी. पौधों के बड़ा होने पर इन्हे तारों पर सुखने के लिए डाला जाता था.
जानकारी के अनुसार आरोपी मैक्लोड़गंज में करंसी एक्सचेंज का काम करता था और अपने घर के कमरों, छत पर हाइब्रिड तरीके से तैयार की जाने वाली भांग को प्रोसेस करने के बाद विदेशी ग्राहकों को महंगे दामों में इसे बेचता था. आरोपी के माता-पिता की मौत हो चुकी थी और वो अकेले ही घर में रहता था, जिस हाइब्रिड तरीके से एसआईयू टीम भी यहां के हालात को देख कर हैरान रह गई. इसके बाद तुरंत पुलिस टीम ने आला पुलिस अफसरों को सूचित किया. इसके बाद मौके पर पहुंचे एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर की मौजूदगी में पुलिस ने भांग के पौधों को नष्ट करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.
