हमीरपुर के बैलग गांव में पूत बना कपूत मां को उतारा मौत के घाट


हमीरपुर-17 सितंबर. देवभूमि हिमाचल प्रदेश से मां-बेटे के रिश्ते को कलंकित करने वाली घटना सामने आई है. मामला हमीरपुर जिले के भोरंज उपमंडल का है, जहां घरेलू विवाद में एक बेटे ने मां को आरयन प्रेस से सिर पर प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया. वहीं, मां की मौत के बाद बेटे ने झूठी कहानी रची. उसने पुलिस को बताया कि किसी नकाबपोश ने उसकी मां की हत्या की है. लेकिन पुलिस तफ्तीश में कलयुगी बेटे का सच सामने आ गया. अब पुलिस आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

हमीरपुर पुलिस के अनुसार जिले के गांव बैलग में मंगलवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई. घर के कमरे में महिला खून से लथपथ संदिग्ध अवस्था में अचेत पड़ी हुई थी. परिजन और पड़ोसी उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया. वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान पुलिस ने पाया कि कमरे के दरवाजे भीतर से बंद थे और महिला अकेली थी. निरीक्षण के दौरान पुलिस को खून लगे कपड़े, चप्पलें और अन्य वस्तुएं मिलीं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में लिया.

एसपी हमीरपुर भगत सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शक की सुई मृतका के बेटे अभय ठाकुर की ओर गई. पुलिस पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस पूछताछ में पता चला कि जब उसकी मां भोजन कर रही थी तो घरेलू विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. गुस्से में आकर अभय ने पास रखी आयरन प्रेस से मां के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया. चोट इतनी गहरी थी कि मौके पर ही मां की मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने, पुलिस और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है. घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं.

एसपी भगत सिंह ने बताया कि यह अत्यंत गंभीर मामला है. पहले मृतका के बेटे (24 वर्ष) ने बाहर से आए अज्ञात नकाबपोश लोगों द्वारा मां की हत्या करने की अफवाह फैलाई थी. लेकिन पुलिस ने जब छानबीन की तो पाया कि घर में दोनों ओर अंदर से कुंडियां लगी हुई थी, जिससे बाहर से कोई भी अंदर नहीं आ सकता था. ऐसे में पुलिस ने शक के आधार पर मृतका के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई, जिसके चलते गुस्से में आकर उसने अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया. अभियुक्त के खिलाफ ठोस साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जा रही है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 103 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. घर के अंदर व बाहर साक्ष्य जुटाए गए हैं. आस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की मदद भी ली जा रही है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *