शिमला रिज मैदान पर 13 अक्टूबर को पूर्व सीएम स्व.राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का होगा अनावरण,यह रहेंगे मौजूद


शिमला-17सितंबर. ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 13 अक्तूबर को किया जाएगा। वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि यह ऐतिहासिक आयोजन पहले उनके जन्मदिवस 23 जून, 2025 को प्रस्तावित था, किंतु हिमाचल प्रदेश में आई भीषण वर्षा व प्राकृतिक आपदा तथा राज्य में हुई जानमाल की भारी क्षति को देखते हुए ट्रस्ट के सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस महत्वपूर्ण समारोह को स्थगित करने का निर्णय लिया था। वीरभद्र सिंह की परंपरा का सम्मान करते हुए फाउंडेशन ने इस आपदा के समय राहत कार्यों में अपना योगदान देते हुए 11 लाख की राशि उपायुक्त मंडी को उन बच्चों की शिक्षा के लिए अर्पित की, जिन्होंने इस आपदा में अपने माता-पिता को खो दिया। अब कांग्रेस हाईकमान की सहमति तथा प्रदेश नेतृत्व के परामर्श से यह आयोजन 13 अक्तूबर, 2025 के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (सांसद, लोकसभा) एवं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह तथा कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी स्वास्थ्य अनुमति होने पर आयोजन में सम्मिलित होना प्रस्तावित है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *