Breaking: निहरी ब्रगटा गांव में लैंडस्लाइड घर जमीदोंज 3 की मौत 2 को सुरक्षित निकाला


मंडी-16सितंबर. मंडी सुंदरनगर उपमंडल के तहत आने वाली निहरी तहसील के ब्रगटा गांव में बीती रात को लैंडस्लाइड की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार लैंडस्लाइड होने से पूरा घर जमींदोज हो गया. हादसे के समय घर पर पांच लोग मौजूद थे. इस हादस में तीन लोगों की दुखद मृत्यु हो गई है, जिसमें दो महिलाएं और एक 8 महीने का बच्चा शामिल है. इसके अलावा दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. मृतकों में 64 वर्षीय तांगू देवी पत्नी जय सिंह, 33 वर्षीय कमला देवी पत्नी देव राज और 8 माह का भीष्म सिंह पुत्र देव राज शामिल हैं. इसके अलावा जिन्हें सुरक्षित बचाया गया है, उसमें 65 वर्षीय खूबराम पुत्र धनी राम और 58 वर्षीय दर्शन देवी पत्नी खूब राम शामिल हैं. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमाार्टम के लिए भेज दिया है.

एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है. बता दें कि इससे पहले भी सुंदरनगर उपमंडल के जंगमबाग में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिसमें 7 लोगों की जान गई थी. उसके बाद अब इसी उपमंडल के निहरी इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों को काल का ग्रास बनना पड़ा है. एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं. बताया जा रहा है कि क्षेत्र के अधिकतर मार्ग बंद पड़े हैं, जिस कारण घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कतें पेश आ रही हैं. स्थानीय लोगों ने ही अपने स्तर पर सर्च और रेस्क्यू आपरेशन चलाकर लोगों को बाहर निकाला है. क्षेत्र में अभी भी रूक रूककर बारिश का दौर जारी है जिस कारण बाकी राहत एवं बचाव कार्यों में दिक्कतें पेश आ रही हैं. पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *