शिमला-15 सितंबर.HPPCL के चीफ इंजीनियर विमल नेगी मौत मामले में आरोपी ASI पंकज शर्मा को अदालत ने एक दिन रिमांड पर भेजा है। सोमवार को CBI ने ASI पंकज शर्मा को अदालत में पेश किया जहां एजेंसी ने उनका पांच दिन का रिमांड मांगा, लेकिन कोर्ट ने फिलहाल एक दिन की पुलिस रिमांड ही मंजूर की है। इस मामले में अगली सुनवाई मंगलवार दोपहर 3 बजे निर्धारित की गई है। बता दें कि रविवार को विमल नेगी मौत मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोपहर करीब अढ़ाई बजे बिलासपुर जिले के घुमारवीं से पंकज शर्मा को गिरफ्तार किया था। उन पर सबूतों से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप है।
सीबीआई के अनुसार, जब विमल नेगी का शव बरामद हुआ, तब मौके पर मौजूद एएसआई पंकज शर्मा ने उनकी जेब से एक पेनड्राइव निकालकर उसमें छेड़छाड़ की थी। यह पेनड्राइव इस केस में अहम इलेक्ट्रॉनिक सबूत माना जा रहा है।
आरोपी पंकज शर्मा के वकील पीयूष वर्मा ने बताया कि उन्होंने कोर्ट में बेल एप्लिकेशन दाखिल कर दी है। उनका तर्क है कि इससे पहले आरोपी की पत्नी द्वारा हाईकोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान, सीबीआई ने खुद यह कहा था कि फिलहाल उन्हें पंकज शर्मा की ज़रूरत नहीं है। ऐसे में 14 सितंबर को अचानक गिरफ़्तारी पर सवाल उठाए जा रहे हैं। बेल याचिका पर भी मंगलवार को ही सुनवाई होनी है।
