शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला अब स्कूल प्रवक्ता भी पढ़ाएंगे 6ठी से 12वीं कक्षा तक के बच्चों को


शिमला-11 सितंबर. प्रदेश शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए स्कूल प्रवक्ताओं को छठी से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी विषय पढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय, हिमाचल प्रदेश द्वारा एक मेमो जारी किया गया है, जिसमें सभी डिप्टी डायरेक्टर्स (सेकेंडरी) और स्कूल प्रिंसिपलों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आदेश के अनुसार, शिक्षा विभाग ने पहले ही 23 जुलाई, 2025 को इस संबंध में R&P नियमों के तहत निर्देश जारी किए थे। अब, इन आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए सभी डिप्टी डायरेक्टर्स को दो दिनों के भीतर एक अनुपालन रिपोर्ट निदेशालय को सौंपने का निर्देश दिया गया है। मेमो में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यदि कोई भी प्रवक्ता (स्कूल-न्यू) इस आदेश का पालन करने में लापरवाही करता है, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के लिए उनका नाम तत्काल सूचित किया जाए। यह कदम शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने और शिक्षकों की जवाबदेही तय करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे यह सुनिश्चित होगा कि नए नियुक्त हुए प्रवक्ता अपनी सभी जिम्मेदारियों को निभाएं और छात्रों को बेहतर शिक्षा मिल सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *