Breaking: सूबे में मानसून पड़ा धीमा लेकिन 16 तक बारिश का पूर्वानुमान


शिमला-10सितंबर. हिमाचल में भले ही मानसून धीमा पड़ गया है लेकिन फिलहाल बारिश से निजात नहीं मिलने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कुछ भागों में 16 सितंबर तक बारिश का दाैर जारी रहेगा। 10 से 12 और 16 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं 13 से 15 सितंबर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं 13 और 14 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। इसमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर व कांगड़ा जिला शामिल हैं। 

बता दें कि बीते तीन माह से प्रदेश में बादल फटने व बाढ़ आने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। भारी बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन से हर साल तबाही हो रही है। पहाड़ों पर पिछले 30 वर्षों में अत्याधिक बारिश की घटनाओं में 200 फीसदी तक बढ़ोतरी हो गई है। इस मानसून सीजन के दौरान अभी तक कुल  4,15,627.46  लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। इस मानसून सीजन में 20 जून से 9 सितंबर तक 378 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 437 लोग घायल हुए हैं। 40 लोग अभी भी लापता हैं। इस दौरान 165 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई है। राज्य में 7,025 कच्चे-पक्के मकानों व दुकानों को क्षति हुई है। 5,469 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। 1,999 पालतु पशुओं की भी माैत हुई है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *