शिमला-05 सितंबर. प्रदेश में जारी बारिश के बीच मानसून सीजन के दौरान अभी तक कुल 3787 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। इस मानसून सीजन में 20 जून से 4 सितंबर तक 355 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 416 लोग घायल हुए हैं। 49 लोग अभी भी लापता हैं। इस दौरान 161 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई है। प्रदेश में इस अवधि में बादल फटने की 50, बाढ़ की 95 और भूस्खलन की 130 घटनाएं हुई हैं। इनमें 1627 पक्के और 3567 कच्चे घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। 447 दुकानों और 4510 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है।
प्रदेश में जानलेवा बन चुके मानसून ने जमकर तबाही मचाई है। सितंबर के पांच दिनों में राज्य में सामान्य से 325 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि के लिए 29.5 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया था लेकिन वास्तव में 125.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर जिले में सामान्य से 590, चंबा 177, हमीरपुर 281, कांगड़ा 32, किन्नाैर 255, कुल्लू 944, लाहाैल-स्पीति 419, मंडी 257, शिमला 561, सिरमाैर 446, सोलन 665 व ऊना में 188 अधिक बारिश दर्ज की गई। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कुछ भागों में 11 सितंबर तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है। 8 व 9 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का येलो अलर्ट है।
