कुल्लू-05सितंबर. शहर के अखाड़ा बाजार में बीते कल हुए लैंडस्लाइड में मलबे से आज (शुक्रवार, 5 सितंबर) 3 शव क्षत विक्षत हालत में बरामद किए गए हैं. इससे पहले गुरुवार (4 सितंबर) को एक व्यक्ति का शव बरामद किया था और शाम के वक्त एक महिला के अवशेष बरामद किए गए थे. मलबे में अभी भी 2 लोग दबे हुए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.
बता दें कि, गुरुवार को कुल्लू के अखाड़ा बाजार में हुए लैंडस्लाइड में तीन घरों समेत 10 लोग दब गए थे, जिनमें से 4 लोगों को सुबह रेस्क्यू किया गया. इसमें से एक कश्मीर के व्यक्ति (मेहराज) की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई थी, जबकि गुरुवार शाम को ही एक महिला के अवशेष बरामद हुए थे. इसके अलावा आज 2 व्यक्तियों के क्षत-विक्षत शव मलबे से बरामद किए गए हैं, जिन्हें ढालपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया है. इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, इसमें एक महिला के अवशेष बरामद हुए हैं.एक कश्मीर का रहने वाला व्यक्ति सुबह के समय भूस्खलन की चपेट में आने से बच गया. जम्मू कश्मीर का रहने वाला फरीद शेख नमाज अदा कर जब वापस अपने कमरे की ओर लौटा तो अचानक उसे भूस्खलन की आवाज सुनाई दी. ऐसे में फरीद शेख ने चिल्लाकर सभी लोगों को कमरे से बाहर निकलने को कहा. पल भर में ही पहाड़ी से मलबा आया और पूरा घर क्षतिग्रस्त हो गया. फरीद शेख को भी इसमें चोट आई, लेकिन वह किसी तरह से अपनी जान बचाकर बाहर निकल गया. ऐसे में मलबे में दबे हुए अपनों की तलाश में लोग यहां बैठे हुए हैं. उन्हें उम्मीद है कि क्या पता कोई इस मलबे से जिंदा बाहर निकल आए. इस घटना के बाद जम्मू कश्मीर के रहने वाले लोग हुए घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और वह भी यहां एक दूसरे को सांत्वना दे रहे हैं.
मलबे में दफन युवक सज्जाद अहमद वानी का भाई जाफर वानी भी लाहौल से पैदल कुल्लू पहुंचा. नम आंखों से जाफर ने बताया कि बुधवार शाम के समय ही उसकी अपने भाई से बात हुई थी और उसके भाई ने कहा था कि लाहौल में इन दिनों मौसम काफी खराब चल रहा है. तो वह अपना ध्यान रखे. सुबह अचानक उन्हें कश्मीर से अपने घर वालों का फोन आया और कहा कि भूस्खलन के चलते उसका छोटा भाई दब गया है. सूचना मिलते ही वह लाहौल से कई रास्तों से पैदल चले और बड़ी मुश्किल से अब यहां पहुंचे हैं.
