रोहड़ू-29अगस्त.रोहड़ू बाजार से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक गेस्ट हाउस में देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक पंजाब की युवती को इस अवैध गतिविधि में संलिप्त पाया और वहीं गेस्ट हाउस संचालक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, सेब सीजन के दौरान बाजार और सब्जी मंडी के पास कई गैर-पंजीकृत गेस्ट हाउस में इस तरह का धंधा फल-फूल रहा था। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बाहर से लड़कियों को बुलाकर इस धंधे को चलाया जा रहा है। शुक्रवार को थाना प्रभारी अमित शर्मा ने टीम बनाकर एक युवक को ग्राहक बनाकर गेस्ट हाउस भेजा। जैसे ही मामला पक्का हुआ, पुलिस की टीम ने वहां छापेमारी की और युवती को देह व्यापार में संलिप्त पाया।
इस मामले की पुष्टि डीएसपी प्रणव चौहान ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की निगरानी लगातार जारी है और किसी भी हालत में इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि खासकर सेब सीजन के दौरान ऐसे मामलों में इजाफा हो रहा है, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न सिर्फ गैर-पंजीकृत गेस्ट हाउसों की असलियत उजागर करता है, बल्कि प्रशासन और पुलिस के लिए भी यह चुनौती है कि बाजार और मंडियों के आसपास इस तरह की गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जाए।
