Breaking: मंत्री के काफिले पर जूते व काले कपड़े फेंकने पर 65 से ज्यादा लोगों पर FIR दर्ज


मंडी-26 जुलाई. राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के सराज दौरे के दौरान शुक्रवार को थुनाग में काले झंडे दिखाने, जूते फेंकने व उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश में पुलिस ने 66 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस घटना के बाद कांग्रेस नेता जगदीश रेड्डी और वीरेंद्र कुमार ने अस्थायी पुलिस चौकी थुनाग में शिकायत दर्ज करवाई है। एफआइआर में भाजपा के अलावा कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं के नाम भी शामिल हैं। सबसे चौकाने वाला नाम बुखलवार गांव के भीम सिंह ठाकुर का है, जिन्होंने वर्ष 2017, 2022 और हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में अपने निजी घर में कांग्रेस कार्यालय स्थापित किया था।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को तीन एफआइआर दर्ज की गई हैं। पहली एफआइआर मंत्री की गाड़ी रोकने के आरोप में सात-आठ महिलाओं के खिलाफ, दूसरी 57 लोगों के विरुद्ध और तीसरी गाड़ी पर पत्थर, काले झंडे व जूते फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ की गई है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 351(2) और 352 के तहत दर्ज किया गया है। मंत्री के काफिले के दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का-मुक्की को लेकर सात महिलाओं ने अलग से शिकायत दर्ज करवाई है। गीता देवी पत्नी उत्तम सिंह ने बताया कि हाथापाई के दौरान उनकी सोने की बाली भी खो गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *