कांगड़ा-04 जुलाई. धर्मशाला के नौरोजी रोड स्थित वार्ड नंबर-4 में शुक्रवार सुबह सवेरे ही NIA की टीम ने दस्तक दी। टीम ने मैकलोडगंज के टैम्पल रोड पर स्थित कम्युनिकेशन सेंटर के मालिक और आरोपी सन्नी की कोठी पर दबिश देकर उसके बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच पड़ताल करने के बाद अब उसे हिरासत में लेकर टीम मौके से चली गई है। टीम यहां क्यों और किस मकसद से आई थी NIA के किसी भी अधिकारी ने इस बात की कोई पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी मूल रूप से चम्बा के भरमौर का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहा है जिसके चलते पिछले कई दिनों से खुफिया एजेंसी लगातार उस पर नजर रख रही थी और आज NIA की टीम चंडीगढ़ से सुबह करीब 4 बजे धर्मशाला उसके निवास स्थान पर पहुंची जिसमें करीब 10 से 12 अधिकारी शामिल थे और उन्होंने आते ही आरोपी की कोठी पर दबिश दी और करीब 8 घंटे की गहन छानबीन के बाद कुछ दस्तावेज और जरूरी कागजात को अपने कब्जे में लेकर कोठी से आरोपी को भी अपने साथ लेकर चली गई है।
