Breaking: पुलिस भर्ती परीक्षा पास करवाने की एवज में 2 ठग धरे, मामला दर्ज,जांच शुरू


शिमला-16 जून.हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है ।इस बार पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा में परीक्षा पास करवाने की एवज में पैसे वसूलने का काम कर रहे एक गिरोह का भांडाफोड़ किया है। इस मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान विक्रम और वलविंद्र उर्फ सोनू जरयाल के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी कांगड़ा जिला के ज्वाली क्षेत्र के निवासी हैं यह पुलिस कॉन्स्टेबल अभ्यर्थियों से परीक्षा उत्तीर्ण करवाने के नाम पर पैसे वसूलने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पालमपुर स्थित एक परीक्षा केंद्र के बाहर से इन दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि ये आरोपी परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी है।

बता दें कि दोनों आरोपी पूर्व में भी संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए हैं। वर्ष 2022 में पुलिस भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण और वर्ष 2019 में अवैध ब्लूटूथ डिवाइस के प्रयोग में भी इनकी संलिप्तता सामने आई थी। हिमाचल पुलिस भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की जांच गुणवत्ता और निष्पक्षता के उच्चतम मानदंडों के अनुरूप की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *