शिमला-16 जून.HPPCL के पूर्व चीफ इंजीनियर विमल नेगी की संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में आईएएस अधिकारी हरिकेश मीणा की गिरफ्तारी से प्रोटेक्शन की अवधि 14 जुलाई तक बढ़ाई गई है. हाईकोर्ट में सोमवार को इस मामले में सुनवाई हुई और अदालत ने आईएएस अधिकारी की अग्रिम जमानत की अवधि 14 जुलाई तक बढ़ा दी है. इस बीच, जांच एजेंसी सीबीआई को मामले में ताजा स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के आदेश जारी किए गए हैं.
मामले की सुनवाई हाईकोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति वीरेंद्र सिंह कर रहे हैं. अदालत ने आगामी सुनवाई की तारीख भी 14 जुलाई तय की है. हाईकोर्ट ने सीबीआई को भी इस केस में पार्टी बनाया है.
बता दें कि कारपोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. उनकी पत्नी किरण नेगी ने कारपोरेशन के एमडी हरिकेश मीणा व निदेशक देशराज पर गंभीर आरोप लगाए थे. किरण नेगी ने उनके पति को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था. साथ ही मामले की जांच सीबीआई से करवाने की गुहार लगाई थी. हाईकोर्ट ने जांच सीबीआई को सौंपने के निर्देश जारी किए थे. इस बीच, आईएएस अधिकारी हरिकेश मीणा संभावित गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट पहुंचे थे. उन्होंने अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की थी. हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने करीब तीन हफ्ते पहले दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज की थी. इससे पहले राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था.
