Breaking: CBI ने विमल नेगी के PA से की पूछताछ


शिमला-11 जून. HPPCL के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। सीबीआई अब कॉरपोरेशन के पूर्व अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) और प्रोजेक्ट से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रही है। ऐसे संकेत हैं कि आने वाले दिनों में कई पूर्व अधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब किया जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार सीबीआई इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। अब तक की जांच में एजेंसी ने पावर कॉरपोरेशन से संबंधित विभिन्न प्रोजेक्ट्स के रिकॉर्ड तलब किए हैं। साथ ही, दिवंगत चीफ इंजीनियर विमल नेगी के निजी सहायक (PA) से भी पूछताछ की जा रही है।

इससे पहले सीबीआई ने शिमला पुलिस द्वारा गठित एसआईटी से भी पूरे रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिया था। अब ये रिकॉर्ड दिल्ली से आई सीबीआई टीम द्वारा खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार पावर कॉरपोरेशन कार्यालय के दस्तावेजों की भी स्क्रूटनी चल रही है।

बता दें कि दिल्ली में इस केस को लेकर सीबीआई ने आधिकारिक रूप से एफआईआर दर्ज कर जांच की शुरुआत की थी। जांच को लेकर अब सीबीआई ने एक चार सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है। इस टीम में डीएसपी ब्रिजेंद्र प्रसाद सिंह, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार और सब इंस्पेक्टर नीलेश सिंह को शामिल किया गया है।

जांच की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब तक शिमला पहुंची सीबीआई टीम में चार सदस्य शामिल थे और अब दिल्ली से डीआईजी व एसपी रैंक के दो वरिष्ठ अधिकारी भी शिमला पहुंच चुके हैं। सीबीआई टीम इन दिनों केंद्र सरकार के अधीन ग्रैंड होटल में ठहरी हुई है और यहीं से पूरे केस की कमान संभाली गई है। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों में सीबीआई टीम ने न्यू शिमला थाने से भी कई अहम रिकॉर्ड कब्जे में लिए हैं। ये दस्तावेज मामले की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
जांच एजेंसी का फोकस न केवल घटनाक्रम के तत्काल कारणों पर है, बल्कि विमल नेगी की भूमिका, कार्यभार और उनके साथ पूर्व में कार्यरत अधिकारियों की पृष्ठभूमि पर भी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच से जुड़ी कुछ बड़ी बातें सामने आ सकती हैं, जिससे पूरे मामले की दिशा तय हो सकती है। फिलहाल सीबीआई की टीम गहनता से दस्तावेजों की जांच में जुटी है और संभावित तौर पर पूछताछ के लिए अधिकारियों की सूची भी तैयार की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *