Breaking:शिमला लोअर बजार में तीन मंजिला भवन से गिरा मलबा मची अफरातफरी


शिमला-04 जून. शहर के लोअर बाजार में असुरक्षित घोषित हो चुके तीन मंजिला भवन से बुधवार दोपहर अचानक रास्ते पर मलबा गिरने लगा। इससे बाजार में अफरातफरी मच गई। आसपास के कई दुकानदार अपनी दुकानों से बाहर आ गए। इसके बाद नगर निगम टीम को भी मौके पर बुलाया गया। सूचना मिलते ही नगर निगम की वास्तुकार शाखा की टीम निगम वास्तुकार राजेश शर्मा की अगुवाई में मौके पर पहुंची। आपदा प्रबंधन और दमकल की टीमें भी मौके पर पहुंच गई। सब्जी मंडी के समीप जयभारत मेडिकल स्टोर के पास खंडहर हो चुके इस भवन से लगातार मलबा गिर रहा है। स्थानीय कारोबारियों ने कहा कि नगर निगम इसे कई साल पहले असुरक्षित घोषित कर चुका है। इसके बाद उपरी दो मंजिलें भी तोड़ी गई थीं। लेकिन निचली तीन मंजिलें अभी भी जर्जर हालत में खड़ी हैं। इससे आसपास की दूसरी दुकानों और भवनों को भी खतरा है। नगर निगम वास्तुकार राजेश शर्मा ने कहा कि इस भवन को कई साल पहले असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। यह तब से खाली पड़ा है। निगम ने इसके मालिकों को गिराने के आदेश भी दिए हैं। लेकिन कुछ हिस्सा अभी गिराया जाना बाकी है। कहा कि भवन के मालिक ही इसे गिराएंगे। फिलहाल मौके पर इससे किसी को खतरा नहीं है।

बता दें कि नगर निगम पिछले पांच साल के भीतर 150 से ज्यादा भवन असुरक्षित घोषित कर इन्हें खाली करने के आदेश जारी कर चुका है। लेकिन ज्यादातर अभी तक खाली नहीं हुए हैं। इनमें किराएदार और मालिक का विवाद चल रहा है। इन्होंने ऊपरी अदालत में जाकर स्टे ले रखा है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *