शिमला-11 अप्रैल. प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच इस बार हिमाचल में एक सप्ताह पहले ही 20 जून तक मानसून पहुंच सकता है। केरल से दक्षिण पश्चिम मानसून की रफ्तार सामान्य रही तो हिमाचल पहुंचने में बीते कुछ वर्षों का रिकॉर्ड टूटेगा। प्रदेश के इतिहास में सबसे पहले साल 2000 में 9 जून को मानसून पहुंचा था। साल 2024 में 27 और 2023 में 24 जून को मानसून ने प्रवेश किया। प्रदेश में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 22 जून मानी गई है। सबसे अधिक देरी से 5 जुलाई, 2010 को मानसून पहुंचा था।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार मौजूदा परिस्थितियों के अनुसार प्रदेश में 20 जून के आसपास दक्षिण पश्चिम मानसून हिमाचल में पहुंचेगा। इस वर्ष मानसून सीजन के दौरान सामान्य बारिश के आसार हैं। 10 से 15 जून के बीच प्री मानसून बौछारें पड़ने की संभावना है।
उधर, शनिवार को लाहौल की पहाड़ियों पर बर्फबारी और कुल्लू, मनाली, सिस्सू व अटल अनल के दोनों छोर में बारिश हुई है। इससे लाहाैल-स्पीति और कुल्लू जिला में तापमान में गिरावट आई है। हिमाचल में 1 से 10 मई तक सामान्य से 31% अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में 22 मिमी बारिश को सामान्य माना गया, लेकिन 28.9 मिमी बारिश हुई। बिलासपुर में सामान्य से 351, हमीरपुर में 331, कांगड़ा में 123, मंडी में 145, शिमला में 116, सिरमौर में 309, सोलन में 269 व ऊना में 89% अधिक बारिश हुई। किन्नौर में 78, कुल्लू में 28 और लाहौल-स्पीति में 47% कम बारिश दर्ज हुई।
