शिमला-25 अप्रैल. मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू व कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल समेत कांग्रेसी नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। कैंडल शेरे-पंजाब से लेकर रिज मैदान स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा तक निकाला गया।
इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने हमले के मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की हाल ही में सम्पन्न हुई बैठक में यह साफ संदेश दिया गया कि देश की एकता और अखंडता पर जो भी बाहरी ताकतें प्रकार करेंगी, कांग्रेस पार्टी उसका मुहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी मजबूती के साथ केंद्र सरकार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की शांत वादियों में जिस प्रकार बाहरी ताकतों ने अशांति फैलाने का काम किया और जिस प्रकार पहलगाम में घूमने आए पर्यटकों को चुन-चुनकर निशाना बनाया, वह अत्यंत निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के साथ है। कांग्रेस पार्टी की विचारधारा ऐसी है कि देश की अखंडता के लिए दो-दो प्रधानमंत्रियों ने बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि जिस समय पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या की गई, वो भी देश की एकता और अखंडता पर प्रहार था। सुक्खू ने कहा कि पहलगाम में 28 पर्यटकों की नृशंस हत्या भी देश की एकता पर प्रहार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और हिमाचल प्रदेश सरकार पहलगाम हमले के सभी मृतकों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करती है तथा केंद्र सरकार जो भी कदम उठाएगी, पार्टी उसका भरपूर समर्थन करेगी। इस घटना के मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार की सुबह राज्य सचिवालय ओर सभी उपायुक्त कार्यालयों में मौन रखा गया।
Breaking: कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को दी श्रद्धांजलि,निकाला कैंडल मार्च
