शिमला-20 अप्रैल. शिमला के विकासनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर हिम रश्मि स्कूल में रविवार सुबह सवेरे आग लग गई। आग लगने से स्कूल के ऊपरी मंजिल में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग लगने के समय स्कूल में कोई मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग को तुरंत बुलाया गया लेकिन सड़क और क्रॉसिंग पॉइंट पर खड़ी गाड़ियों के कारण फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में देरी हुई। दमकल की गाड़ी स्कूल भवन तक नहीं पहुंच सकी जिससे पाइप नीचे से ऊपर तक खींचकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। आग पर करीब एक घंटे बाद काबू पाया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग सुबह सवेरे करीब पौने चार बजे के आसपास लगी है । आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से स्कूल के दस्तावेज़, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान जल गया है। गनीमत रही कि घटना के समय स्कूल में कोई मौजूद नहीं था जिससे जनहानि नहीं हुई। अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है।
