शिमला-07 अप्रैल. अस्पतालों में पर्ची बनाने के एवज में लोगों को अब 10 रुपये यूजर चार्ज चुकाना होगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने सोमवार को सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अभी किसी भी अस्पताल में पर्ची शुल्क शुरू नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही पर्ची बनाने के 10 रुपये शुरू हो सकते हैं। डॉ. शांडिल ने तर्क दिया कि मुफ्त की पर्ची को लोग संभालकर नहीं रखते, जिससे डॉक्टरों को भी समस्या पेश आती है। पर्ची बनाने के 10 रुपये लगेंगे तो लोग पर्ची को संभालकर रखेंगे।
डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि अस्पतालों की रोगी कल्याण समितियां पर्ची बनाने के एवज में 10 रुपये यूजर चार्ज ले सकती हैं। पीजीआई चंडीगढ़ में भी पर्ची बनाने के 10 रुपये लगते हैं। अगर आरकेएस हिमाचल में भी पर्ची शुल्क लगाता है तो यह सही फैसला होगा। इससे रोगी कल्याण समितियों की थोड़ी बहुत कमाई होगी, यह पैसा किसी की जेब में नहीं जाएगा। मुफ्त में पर्ची बनाने के लिए अस्पतालों के पर्ची काउंटरों पर कई बार नर्सिंग स्टाफ की भीड़ लगी होती है, कई लोगों की पर्चियां इस तरह बनाई जाती हैं, पर्ची की फीस तय होने के बाद कोई भी इस तरह पर्चियां नहीं बनाएगा।
