Breaking: सोलन में मां की ममता फिर शर्मसार लावारिस हालत में मिली नवजात


सोलन- 25 मार्च . सोलन के सलोगड़ा में मंगलवार शाम करीब 4 बजे एक नवजात बच्ची नग्न अवस्था में लावारिस हालत में मिलने से मां की ममता फिर शर्मसार हुई है। इस घटना का सबसे पहले पता स्थानीय निवासी संतोष को चला, जो कपड़े धोने के लिए बावड़ी की तरफ जा रही थी। इस दौरान उसे बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी।
संतोष ने बच्ची को गोद में उठाया और अपने भाई के साथ उसे सोलन अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने तत्काल पंचायत प्रधान को सूचना दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। फिलहाल नवजात को सोलन अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती किया गया है। सोलन अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात सर्जन स्पेशलिस्ट डॉ. मुकुल ने बताया कि बच्ची की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बता दें कि कुछ महीने पहले भी कंडाघाट स्थित श्मशान घाट के बाहर इसी तरह एक नवजात बच्ची को लावारिस हालत में छोड़ा गया था।

सोलन के एसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह मामला काफी संवेदनशील है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। नवजात बच्ची का मेडिकल कर एमएलसी हासिल किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची को वहां किसने और क्यों छोड़ा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *