Breaking: सूबे में अगले 6 दिन बारिश बर्फ़बारी का अलर्ट,जानें यहां


शिमला-24 फरवरी. राज्य में नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम फिर करवट बदलने वाला है। राज्य में अगले 6 दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। कई जिलों में भारी बारिश व बर्फबारी का येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 25 फरवरी की रात से 1 मार्च की शाम तक हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना है, 26, 27 और 28 फरवरी को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश-बर्फबारी हो सकती है। इस अवधि के दाैरान लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कांगड़ा, चंबा, शिमला, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों के ऊंचे इलाकों में कई स्थानों पर हल्की और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 27 और 28 फरवरी को जिला लाहौल-स्पीति, 28 फरवरी को किन्नौर में भारी बर्फबारी का येलो अलर्ट है। सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना के अलावा कांगड़ा, चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों के शेष भागों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ अंधड़ चलने के भी आसार हैं। 26 फरवरी से 28 फरवरी के दौरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश-बर्फबारी की संभावना है, जबकि 27 फरवरी को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 27 और 28 फरवरी को शिमला और सिरमौर में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश/बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट है। 

बता दें कि माैजूदा सीजन के दाैरान 1 जनवरी से 24 फरवरी तक राज्य में सामान्य से 69 फीसदी कम बारिश हुई है। इस अवधि के लिए 166.6 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 52.3 एमएम बारिश ही हुई। बिलासपुर जिले में सामान्य से 79, चंबा 67, हमीरपुर 72, कांगड़ा 64, किन्नाैर 86, कुल्लू 55, लाहाैल-स्पीति 66, मंडी 57, शिमला 74, सिरमाैर 80, सोलन 82 व ऊना में 71 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *