सूबे की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात, बढ़ी ठंड


शिमला-20 फरवरी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश की ऊंची चोटीयों पर ताजा हिमपात और निचले क्षेत्र में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने 20 फरवरी से 21 फरवरी दोपहर तक बारिश बर्फ़बारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जिसके चलते गुरुवार को शिमला, मंडी, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा,चंबा और सिरमौर जिलों के ऊपरी इलाकों में बर्फ की चादर ओढ़ गई है। इस दौरान मनाली, अटल टनल रोहतांग, पांगी-भरमौर, शिमला के कुफरी और नारकंडा में भी भारी बर्फबारी हुई है। मौसम के बदलाव के साथ शिमला में रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। शिमला के कुफरी, नारकंडा, और चौपाल के खिड़की में ताजा बर्फबारी के बाद वाहन भी स्किड हुए हैं। ताजा हिमपात के बाद इस कारण कई रूट प्रभावित हो गए हैं, और रामपुर जाने वाले वाहनों और बसों को सैंज के रास्ते भेजा जा रहा है।

बर्फबारी से किसानों और बागवानों के चेहरे पर खुशी देखी जा रही है। विशेष रूप से सेब की पैदावार के लिए बर्फबारी और ठंडे मौसम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चंबा, भरमौर, पांगी के ऊपरी क्षेत्रों में पांच से आठ इंच तक ताजा हिमपात हुआ है जो फसलों के लिए लाभकारी माना जा रहा है।मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, और 21, 22 और 24 फरवरी के बीच लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। 25 और 26 फरवरी को भी कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *