शिमला-13 फरवरी. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खराब स्वास्थ्य के कारण कैबिनेट मीटिंग को दो दिन के लिए टाल दिया गया है। अब कैबिनेट मीटिंग 15 फरवरी को होगी। इससे पहले यह मीटिंग आज 11 बजे प्रदेश सचिवालय में प्रस्तावित थी। मगर मुख्यमंत्री सुक्खू चार दिन से वायरल की चपेट में है। इस वजह से वह सचिवालय भी नहीं आ रहे और सरकारी आवास ओक ओवर में ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इसे देखते हुए कैबिनेट मीटिंग को टाला गया है। इसमें बजट सत्र की तारीख तय होगी। कैबिनेट में राज्यपाल के बजट अभिभाषण को लेकर भी चर्चा होगी और इसे फाइनल रूप दिया जाएगा। बजट सत्र 10 मार्च से संभावित है, जोकि 10 अप्रैल तक चल सकता है। मगर इस पर अंतिम मुहर कैबिनेट में लगे।
दो दिन बाद होने वाली कैबिनेट में यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को लेकर भी चर्चा हो सकती है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दो दिन पहले मीडिया से बातचीत में इसके संकेत दे चुके हैं। कांग्रेस ने राज्य में सरकार बनते ही ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) को बहाल किया है।
अब केंद्र सरकार बार बार UPS लागू करने के लिए राज्य पर दबाव डाल रही है। मगर राज्य के कर्मचारी UPS का विरोध कर रहे हैं। इससे कांग्रेस सरकार दुविधा में आ गई है। राज्य सरकार यदि UPS लागू नहीं करती, तो इससे राज्य को 1600 करोड़ ऋण की अतिरिक्त सुविधा नहीं मिलेगी, जो कि राज्य में OPS बहाल करने के बाद से छिन गई है।
कैबिनेट में आउटसोर्स भर्तियों को लेकर भी चर्चा हो सकती है, क्योंकि पूर्व में हाईकोर्ट ने आउटसोर्स भर्ती पर रोक लगा दी थी। मगर सुप्रीम कोर्ट से राज्य सरकार को राहत मिली है। आज की मीटिंग में विभिन्न विभागों में भर्तियों को लेकर भी सरकार फैसला ले सकती है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के विदेश दौरे की वजह से एजुकेशन डिपार्टमेंट से जुड़े एजेंडे आज की मीटिंग में नहीं लग पाएंगे।
