शिमला-11 फरवरी. दिल्ली विधानसभा चुनाव कांग्रेस को मिली करारी हार व खाता न खोल पाने पर हिमाचल सरकार के मंत्री चन्द्र कुमार ने बड़ा बयान दिया है। शिमला में मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री चन्द्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस संगठन पैरालाइजड हो गई है। कांग्रेस संगठन और सरकार के बीच कोई तालमेल नहीं रह गया है। बता दें कि 15 सालों तक दिल्ली में राज करने वाली कांग्रेस आज अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। साल 2015 से कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव में खाता भी नहीं खोल पाई है। साल 2015, 2020 और 2025 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई है। इस बार बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में 48 और आम आदमी पार्टी 22 सीटें जीतने में कामयाब रही। वहीं, कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई ।
कृषि मंत्री ने कहा कि कांग्रेस संगठन पूरी तरह से पैरालाइज्ड हो गया है। काफी समय से प्रदेश में कार्यकारिणी का गठन नहीं हुआ है जब संगठन होगा तभी पार्टी मजबूत होगी। सरकार और संगठन एक साथ कार्य करती है. संगठन से ही सरकार बनती है। ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जरूरत है।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन को निराशाजनक बताया है। उन्होंने कहा कि चुनावों की घोषणा के बाद उम्मीदवारों को तैयार किया जाता है। इस तरह चुनाव लड़ने का कोई मतलब नहीं है। चुनाव जब सिर पर आ जाते हैं तो कांग्रेस उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारती है। दिल्ली में कांग्रेस ने चुनाव गंभीरता से नहीं लड़ा जिसके चलते दिल्ली में कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस कार्यकारिणी करीब ढाई महीने पहले भंग कर दी गई थी। अभी तक नई कार्यकारिणी का गठन नहीं हुआ है। कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री से बैठक कर नई कार्यकारिणी की सूची देने को कहा है लेकिन ढाई महीने से नई कार्यकारिणी का गठन को लेकर अभी तक कोई कवायद शुरू नहीं हो पाई है।
