सोलन में जिंदा महिला का कागजों में किया दाहसंस्कार, बीमा एजेंट घर पहुंचा तो खुली परत


सोलन-06 फरवरी. जिला सोलन में अजब गजब मामला सामने आया है। यहां शहर के साथ लगते सलोगड़ा की जिंदा महिला का कागजों में दाह संस्कार कर दिया गया। वहीं, नगर निगम ने मृत्यु प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया। जीवन बीमा पॉलिसी की रकम जारी करने से पहले इंश्योरेंस कंपनी का कर्मी जब दस्तावेज लेने और सत्यापन के लिए घर पहुंचा तो महिला के पांव के नीचे से जमीन खिसक गई। इसके बाद मृत्यु प्रमाणपत्र रद्द करवाने महिला जब नगर निगम के कार्यालय पहुंची तो हड़कंप मच गया। नगर निगम की शिकायत पर अब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आशंका है कि जीवन बीमा पॉलिसी की रकम हड़पने के लिए यह षड्यंत्र रचा गया। महिला के नाम पर श्मशानघाट में लकड़ी भी खरीदी गई। इसके लिए महिला का आधार कार्ड दिया गया। इसी के साथ मोक्षधाम चंबाघाट में फॉर्म-2 भरने के बाद दो प्रत्यक्षदर्शियों के हस्ताक्षर भी हैं।

इसके बाद महिला की मृत्यु का प्रमाणपत्र बनाने के लिए एक परिजन के हस्ताक्षर की अर्जी नगर निगम में आई। आवेदन और फॉर्म-2 के मुताबिक नगर निगम ने मृत्यु प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया। मामला पांच जनवरी का है। इसके बाद महिला ने नगर निगम में इसे रद्द करने के लिए आवेदन किया है और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, महिला के बच्चों ने भी नगर निगम से कई सवाल-जवाब किए। सवाल यह है कि अंतिम संस्कार किसका हुआ है। इस मामले में भी अब नगर निगम ने जांच शुरू कर दी है। नगर निगम ने श्मशानघाट में तैनात कर्मी को तलब किया है। कर्मी से कई प्रकार की पूछताछ बीते दिनों हुई है। कर्मी ने साफ किया है कि उसने कागजात लेने और फॉर्म भरने के बाद लकड़ियां दी है। महिला के मृत्यु प्रमाणपत्र की नगर निगम से पांच प्रतियां ली गई हैं। जिसने ये प्रतियां ली हैं, उसके भी बाकायदा साइन हुए हैं। दूसरी ओर फॉर्म संख्या-2 पर प्रत्यक्षदर्शियों के नंबर पर भी संपर्क कर जानकारी ली है। जबकि एक अन्य का नंबर नहीं मिल रहा है। थाना प्रभारी हंसराज रुंगटा ने कहा कि नगर निगम से शिकायत आई है। मामले में जांच चल रही है।

 इंश्योरेंस कंपनी का कर्मी घर आया और महिला से पॉलिसी संबंधित कागजात मांगने लगा। महिला ने पूछा कि वह कागजात क्यों मांग रहा है। इस पर कर्मी ने बताया कि पॉलिसी करवाने वाली महिला की मौत हो चुकी है तो महिला ने कहा कि मैं तो जिंदा हूं।

उधर नगर निगम सहायक आयुक्त विमला वर्मा ने बताया कि मामला सामने आने के बाद पुलिस में शिकायत दी गई है। जांच करने के लिए कहा है। महिला ने अपना आधार कार्ड तक दिखाया है। महिला ने इस बारे में निगम को शिकायत दी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *