कुल्लू-04 फरवरी. पर्यटन नगरी मनाली में गुरुग्राम की एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. युवती ने पहले इसकी शिकायत गुरुग्राम पुलिस में दर्ज करवाई. गुरुग्राम पुलिस ने इस बारे में कुल्लू पुलिस को सूचना दी और अब कुल्लू पुलिस की टीम इस मामले की जांच कर रही है. दुष्कर्म की शिकार युवती ने गुरुग्राम के थाना सेक्टर-14 में शिकायत पत्र दिया. इस पर वहां की पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर कुल्लू पुलिस को केस फाइल भेजी है. अब एसपी कार्यालय कुल्लू के निर्देश पर मनाली पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने कहा की मैं पेशे से आर्किटेक्ट हूं. मेरा अनिरुद्ध सिंह नाम के शख्स से मैट्रिमोनियल साइट के जरिए मुलाकात हुई. इस मुलाकात के पीछे शौर्य कटिहा नामक व्यक्ति का हाथ है जिसने पैसे ऐंठने के चक्कर में मेरी मुलाकात आरोपी अनिरुद्ध सिंह से करवाई. युवती ने शिकायत में बताया दोनों शख्स मनाली में होटल चलाते हैं. युवती ने आरोप लगाया की अनिरुद्ध सिंह ने शादी का झांसा देकर मेरे साथ ओल्ड मनाली के होटल में दुष्कर्म किया और बाद में शादी करने से इंकार करने लगा. ऐसे में युवती ने आरोपी शख्स के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. एसपी कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने कहा की गुरुग्राम पुलिस ने मामले को लेकर केस फाइल भेजी है. फिलहाल मनाली पुलिस मामले की जांच कर रही है.
