शिमला-02 फरवरी. हिमाचल में नशे का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। युवा-युवतियां इसकी गिरफ्त में लगातार आ रहे हैं। शिमला पुलिस ने एक युवती को हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़ा है। यह युवती शिक्षा निदेशालय लालपानी के पास बेंच पर बैठी थी। पुलिस को देखते ही युवती घबरा गई और अपनी जेब से कुछ बाहर फेंक दिया। इसके बाद वह वहां से जाने लगी। युवती की संदिग्ध हरकतों को देखकर पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ की। पुलिस ने मौके पर ही गवाहों की मौजूदगी में जांच की तो पाया कि युवती ने जो वस्तु फेंकी थी उसमें 2.060 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) था और इसके बाद पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर उसका नाम और पता पूछा। युवती की पहचान 26 वर्षीय शिवानी निवासी बालूगंज शिमला के रूप में हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि हेरोइन की मात्रा कम होने के कारण युवती को फिलहाल नोटिस पर छोड़ दिया गया है। लेकिन पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि यह नशे की खेप कहां से आई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। पिछले कुछ महीनों में पुलिस ने नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। मिशन क्लीन अभियान के तहत बीते एक महीने में 46 मामले दर्ज कर 85 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें कई संगठित गिरोह भी शामिल हैं। हाल ही में पुलिस ने ऑनलाइन ड्रग तस्करी करने वाले संदीप शाह गैंग का पर्दाफाश किया था। इस गैंग के सरगना संदीप शाह को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया है।
Breaking: शिमला पुलिस ने 26 वर्षीय युवती से चिट्टा किया बरामद,जानें कहां
