Advertise with Click Khabar :- 82195-32005Boost your business with targeted ads on Himachal’s leading news platform.
Homeताजा खबरआज प्रदेश मना रहा 55वां पूर्ण राज्यत्व दिवस ,जानें यहां कैसे बना...

आज प्रदेश मना रहा 55वां पूर्ण राज्यत्व दिवस ,जानें यहां कैसे बना था देश का 18वां पूर्ण राज्य

शिमला-25 जनवरी. आज से ठीक 55 साल पहले शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर बर्फ पड़ रही थी और 25 जनवरी 1971 को आज ही के दिन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी बड़ी मुश्किल से अनाडेल से रिज मैदान तक पहुंची थीं। उन्होंने रिज मैदान से हिमाचल के पूर्ण राज्यत्व की घोषणा की थी। इस तरह हिमाचल प्रदेश भारतीय गणराज्य का 18वां राज्य बना। तब से लेकर आज तक हिमाचल प्रदेश ने उतार-चढ़ावा वाला एक लंबा सफर तय किया है। 54 वर्षों के दाैरान इस प्रदेश ने अनेकों सरकारें देखी हैं, जिन्होंने राज्य को आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर किया है। सीमित संसाधनों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राज्य प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के नाम आज कई बड़ी-बड़ी उपलब्धियां दर्ज हैं। हर वर्ष 25 जनवरी को यह दिवस मनाया जाता है।  इस बार  हिमाचल  55वां राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस मना रहा है। 54 साल के हिमाचल ने कई पायदान चढ़े हैं और देश के पहाड़ी राज्य के लिए मिसाल बना है।

हिमाचल प्रदेश को 25 जनवरी 1971 को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला और तब से राज्य ने कई आर्थिक एवं भौगोलिक चुनाैतियों के बावजूद काफी तरक्की की है। प्रदेश ने सभी क्षेत्रों, विशेष तौर पर कृषि, बागवानी, ग्रामीण विकास, सामाजिक कल्याण, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, पेयजल, उद्योग और पर्यटन में महत्वपूर्ण प्रगति की है।  कुल सड़कों की लंबाई 42,561 किलोमीटर पहुंच गई है। प्रदेश में तीन हवाई अड्डे यात्रियों के सफर को सुगम बना रहे हैं। रेलवे नेटवर्क भी प्रदेश में बढ़ रहा है। प्रदेश का भौगोलिक क्षेत्र 55,673 वर्ग किमी में फैला है। 2011 की जनगणना के अनुसार हिमाचल प्रदेश की जनसंख्या 68,64,602 है। इसमें 34,81,873 पुरुष व 33,82,729 महिलाएं शामिल हैं। 1000 पुरुषों पर 972 महिलाएं हैं। प्रदेश की साक्षरता दर 82.80 फीसदी है। इसमें पुरुष साक्षरता 89.53 व महिला साक्षरता दर 75.93 फीसदी है। प्रदेश में प्रतिव्यक्ति आय 2,35,199 है। वर्तमान में राज्य के हर घर में बिजली है।  इस पहाड़ी राज्य को प्रकृति ने अपार सुंदरता से नवाजा है। यहां की मनोहारी वादियों में पर्यटकों का स्वागत करने तथा अनछुए पर्यटक स्थलों तक उन्हें बेहतर बुनियादी ढांचागत और विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने पर विशेष बल दिए जाने की जरूरत है।   

लंबे संघर्ष के बाद हिमाचल को राज्यत्व का दर्जा दिया गया। तब डॉ. यशवंत सिंह परमार हिमाचल के पहले मुख्यमंत्री बने थे।  हिमाचल प्रदेश देश की आजादी के पूरे आठ महीने बाद क्षेत्र की 30 रियासतों को एकीकृत किया गया और 15 अप्रैल 1948 को हिमाचल प्रदेश का गठन किया गया। 1 नवंबर 1966 को पंजाब को मान्यता दिए जाने के साथ ही इसके कुछ क्षेत्रों को भी हिमाचल प्रदेश में शामिल कर लिया गया। महासू, मंडी, चंबा और सिरमौर को अलग-अलग जिलों का दर्जा दिया गया। उस समय हिमाचल प्रदेश का क्षेत्रफल 10,451 वर्ग मील और जनसंख्या 9,83,367 थी। अब जनसंख्या 70 लाख से ज्यादा हो गई है। वर्ष 1950 को हिमाचल को ‘सी’ स्टेट का राज्य का दर्जा देकर विधानसभा के गठन का प्रावधान कर दिया गया। 25 जनवरी, 1971 को हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य बना दिया गया। राज्य की सीमा उत्तर में जम्मू और कश्मीर, पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम में पंजाब, दक्षिण में हरियाणा, दक्षिण-पूर्व में उत्तराखंड तथा पूर्व में चीन अधिकृत तिब्बत से लगती है।मार्च 1952 में डॉ. परमार ने इस प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की और अपने तीन सदस्यीय मंत्रिमंडल का गठन किया। जुलाई 1954 में बिलासपुर को हिमाचल में मिलाकर इसे प्रदेश का पांचवां जिला बनाया गया। 1956 में ‘स्टेट्स रिआर्गेनाइजेशन एक्ट’ लागू होने के बाद 31 अक्तूबर 1956 को हिमाचल प्रदेश विधानसभा समाप्त करके उसकी जगह यहां टेरिटोरियल काउंसिल बना दी गई। पहली नवंबर, 1956 को हिमाचल प्रदेश केंद्र शासित राज्य बना। वर्ष 1963 में ‘गवर्नमेंट ऑफ यूनियन टेरिटोरीज एक्ट’ पास करके पहली जुलाई 1963 को टेरिटोरियल काउंसिल को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में परिवर्तित किया गया। परिणामस्वरूप डॉ. वाईएस परमार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने।सन 1966 में ‘पंजाब स्टेट्स पुनर्गठन एक्ट’ पास किया गया और कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, शिमला, नालागढ़, कंडाघाट, डलहौजी आदि क्षेत्र हिमाचल में शामिल किए गए। इससे हिमाचल का क्षेत्रफल 55,673 वर्ग किलोमीटर हो गया। इसके बाद भौगोलिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और भाषायी पुनर्मिलन तो हो गया लेकिन इस प्रदेश के लिए पूर्ण राज्य का दर्जा मिलना अभी शेष था। दिसंबर 1970 में संसद ने ‘स्टेट ऑफ हिमाचल प्रदेश एक्ट पास किया गया।  इसके बाद 25 जनवरी 1971 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने स्वयं शिमला आकर यहां के ऐतिहासिक रिज मैदान में एकत्रित हजारों हिमाचलवासियों के बीच हिमाचल को पूर्ण राज्य प्रदान करने की घोषणा की। जब यह घोषणा की गई तो रिज मैदान पर बर्फ के फाहें गिर रहे थे। इस तरह हिमाचल प्रदेश भारत का 18वां राज्य बन गया। उस वक्त लेडीज पार्क में आग जलाई गई। बर्फ के बीच में ही खुशी-खुशी नाटियों पर नृत्य हुआ था। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read

spot_img