Breaking: पुलिस कमांडो फ़ोर्स के लिए 6 फरवरी से 12 मार्च तक होगी भर्ती प्रक्रिया


शिमला-22 जनवरी. हिमाचल प्रदेश पुलिस में पहली बार कमांडो फोर्स की भर्ती की जा रही है। कमांडों फोर्स के लिए पुलिस विभाग ने भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस विभाग 6 फरवरी से 12 मार्च के बीच कमांडो फोर्स के लिए पहली प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। पहले दौर में ग्राउंड टेस्ट शुरू किया जा रहा जिसके तहत सेंट्रल जोन मंडी के तहत पड़ने वाले पांच जिलों के लिए इसका शेड्यूल तैयार कर दिया है।

इस बार हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल की भर्ती नशे के खिलाफ कमांडो फोर्स के तौर पर हो रही है। पुलिस विभाग में कुल 1088 पद भरे जाने हैं, जिनमें पुरुष वर्ग में 708 पद व महिला वर्ग में 380 पदों की भर्ती होगी। इसके लिए राज्य लोक सेवा आयोग की ओर से आवेदकों की फाइनल लिस्ट राज्य पुलिस को भेज  दी गई है। इसके बाद बाद सेंट्रल रेंज मंडी की डीआईजी सौम्या सांबशिवन की ओर से सेंट्रल रेंज के तहत आने वाले पांच जिलों के लिए ग्राउंड टेस्ट का शेड्यूल जारी कर दिया है। शेड्यूल के सेंट्रल जोन के विभिन्न जिलों में फरवरी महीने की 6 तारीख से ग्राउंड टेस्ट आरंभ होंगे।

डीआईजी सेंट्रल रेंज मंडी की से जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू व लाहौल स्पीति जिले का ग्राउंड टेस्ट 6 फरवरी से 12 मार्च के बीच ग्राउंड टेस्ट होगा। हर रोज करीब 2 हजार युवक व युवतियों का ग्राउंड टेस्ट कराया जाएगा। शेड्यूल के मुताबिक मंडी जिले के लिए पुलिस कांस्टेबल भर्ती का ग्राउंड टेस्ट पंडोह में थर्ड आईआरबी में होगा। ये टेस्ट मंडी जिले के लिए 6 फरवरी से 16 फरवरी तक चलेगा और 17 फरवरी को इसका परिणाम आएगा। इसी तरह बिलासपुर के लुहणू मैदान में बिलासपुर जिले के लिए ग्राउंड टेस्ट 20 से 24 फरवरी के बीच होगा, यहां का परिणाम भी अगले दिन यानी 25 फरवरी को घोषित किया जाएगा।  जबकि हमीरपुर जिले के लिए ग्राउंड टेस्ट अणु में 28 फरवरी से 5 मार्च तक चलेगा। कुल्लू जिले का टेस्ट पुलिस लाइन कुल्लू में 7 मार्च से 11 मार्च तक होगा।

इसी तरह लाहौल-स्पीति जिले के आवेदकों का ग्राउंड टेस्ट भी कुल्लू में ही होगा। ये टेस्ट भी पुलिस लाइन कुल्लू में 12 मार्च को लिया जाएगा। इस बार ग्राउंड टेस्ट में 100 मीटर की दौड़ भी शामिल की गई है। यही नहीं युवाओं का डोप टेस्ट भी होगा। ये भर्ती नशे के खिलाफ कमांडो फोर्स के रूप में हो रही है, ऐसे में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि भर्ती होने वाले युवाओं में किसी तरह के नशे की लत न हो।  ग्राउंड टेस्ट के बाद लिखित परीक्षा होगी। लिखित परीक्षा सभी जिलों के ग्राउंड टेस्ट पूरा होने के बाद होगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *