Breaking: रामपुर बुशैहर में ट्रेड कंपनी के नाम पर तीन करोड़ की ठगी, निरमंड की महिला पर मामला दर्ज


शिमला-21 जनवरी. शिमला के रामपुर में ट्रेडिंग कंपनी खोलकर तीन करोड़ का ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने साथी के साथ मिलकर वन टच ट्रेडिंग सॉल्यूशन नाम की कंपनी ट्रेडिंग कंपनी खोली और इसमें लोगों को पैसा डबल करने का लालच दिया। प्रदेश के भोले भाले लोग भी पैसे डबल होने के लालच में फंस गए और करीब एक दर्जन से अधिक लोगों ने तीन करोड़ रुपए इस कंपनी में जमा करवा दिए। लेकिन इसके बाद कंपनी फरार हो गई। बताया जा रहा है कि इस कंपनी में रामपुर और आसपास के क्षेत्र के युवा काम करते थे। इन युवाओं ने क्षेत्र के लोगों को कंपनी में पैसे जमा करवाने के लिए तैयार किया। वहीं आरोपी महिला ने भी क्षेत्र की महिलाओं को अपने जाल में फंसाया। महिला के झांसे में आकर क्षेत्र की कई महिलाओं ने अपनी जमा पूंजी इस कंपनी में लगा दी। जब इन लोगों को अपनी मेहनत का पैसा वापस नहीं मिला तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। जिसके बाद यह लोग पुलिस की शरण में जा पहुंचे और अपनी गाढ़ी कमाई वापस दिलाने की मांग की।

पुलिस ने लोगों की शिकायत पर मामला दर्ज कर रामपुर की रहने वाली मधु बाला पत्नी निखिल सोनी और कुल्लू जिला के निरमंड तहसील के करशौली गांव के रूपराम शुक्ला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।धोखाधड़ी का शिकार हुए लोगों में प्रभात, नरेश चंदेल, पंकज ठाकुर, देवेंद्र सिंह, रीना नेगी, वसीम खान, लीला पाकला, कुंदन मोई, बबीता धीमान, रंजनी बंसल और राजेश शामिल हैं। इन शिकायतकर्ताओं के अनुसार आरोपियों ने लोगों से ना सिर्फ सीधे पैसे लिए, बल्कि पहले के पीड़ितों का इस्तेमाल कर भी नए निवेशकों को अपने जाल में फंसाया।

डीएसपी रामपुर नरेश कुमार ने बताया कि ठगी का एक मामला दर्ज हुआ है। पुलिस इस मामले में हर पहलू की गहनता से छानबीन कर रही है। रामपुर बुशहर के पुलिस उप अधीक्षक नरेश शर्मा ने पुष्टि की है कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (आपराधिक विश्वासघात) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *