कुल्लू के गड़सा में आपस में टकराए दो पैराग्लाइडर एक सैलानी की मौत


कुल्लू-18 जनवरी. कुल्लू के गड़सा में पैराग्लाइडिंग के दौरान एक हादसा पेश आया. इस हादसे में कोयंबटूर के रहने वाले सैलानी की मौत हो गई. भुंतर पुलिस की टीम ने सैलानी के शव को अपने कब्जे में ले लिया है. जानकारी के मुताबिक गड़सा में शुक्रवार शाम के समय पैराग्लाइडिंग के दौरान दो पैराग्लाइडर आपस में टकरा गए. इस हादसे में कोयंबटूर के रहने वाले 28 साल के जयेश की मौत हो गई. वहीं, पैराग्लाइडर का पायलट भी घायल हुआ है जिसका ढालपुर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. हादसे की सूचना मिलते ही भुंतर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पायलट के पास लाइसेंस था और पैराग्लाइडर भी पर्यटन विभाग के पास पंजीकृत था लेकिन आसमान में ही दो पैराग्लाइडर आपस में टकरा गए.

एएसपी कुल्लू संजीव शर्मा ने बताया पुलिस की टीम ने मामला दर्ज कर लिया है और अब इस मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है. मृतक सैलानी के शव का पोस्टमार्टम शनिवार को ढालपुर अस्पताल में किया जाएगा और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. पुलिस के द्वारा आगामी कार्रवाई की जाएगी.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *