Breaking: रामपुर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म IGMC में तोड़ा दम


शिमला-08 जनवरी. रामपुर में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात ये है कि नाबालिग ने उपचार के दौरान आईजीएमसी शिमला में दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक पुलिस थाना रामपुर में नाबालिग के पिता ने दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस को दी शिकायत में नाबालिग के पिता ने बताया कि उनकी तीन बेटियां है, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है, तीसरी बेटी जो अभी नाबालिग है। बीते दिनों तीसरी बेटी के पेट में अचानक दर्द हुआ और परिजनों ने उसे खनेरी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने उसका अल्ट्रासाउंड कराने को कहा। अल्ट्रासाउंड कराने के बाद पता चला कि उनकी बेटी 7 महीने की गर्भवती है। डॉक्टर ने जब इसकी जानकारी पिता को दी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। नाबालिग के परिजनों ने उससे इस संबंध में काफी पूछताछ की, लेकिन उसने कुछ भी नहीं बताया। वहीं बीती 7 जनवरी को उनकी बहू और उनका बेटा नाबालिग को दर्द होने पर अस्पताल ले गए, जहां उसने नवजात को जनम दिया। किशोरी की बिगड़ती हालत को देखते हुए खनेरी अस्पताल के डॉक्टर ने उसे उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया। आईजीएमसी में उपचार के दौरान नाबालिग की मौत हो गई।

वहीं पुलिस थाना रामपुर में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *