Breaking: नए साल की पूर्व संध्या पर मतियाना में कार दुर्घटनाग्रस्त, किन्नौर के 3 युवकों की मौत


शिमला-01 जनवरी. नव वर्ष की पूर्व संध्या पर मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे नेशनल हाईवे-5 पर मतियाना के पेट्रोल पंप के समीप एक कार हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक किन्नौर के तीन युवक एक कार (एचपी02ए ए-0169) में सवार होकर शिमला से रामपुर की ओर जा रहे थे तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक कार चालक ने सड़क पर नियंत्रण खो दिया और गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग आवाज सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचित किया। लेकिन तब तक तीनों युवक दम तोड़ चुके थे। ये युवक किन्नौर के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि तीनों युवक किसी निजी कार्य से शिमला आए थे और रामपुर लौट रहे थे।

ठियोग पुलिस स्टेशन ने हादसे को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली है। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *