Breaking: पूर्व PM मनमोहन सिंह के निधन पर प्रदेश में 27व 28 को राजकीय अवकाश घोषित


शिमला-27 दिसंबर.भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की उम्र में देर रात (26 दिसंबर) को निधन हो गया। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। पूर्व पीएम के निधन पर केंद्र सरकार ने 5 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज झुका रहेगा। उधर,हिमाचल कांग्रेस सरकार ने भी पूर्व पीएम के निधन पर दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान प्रदेश के सभी संस्थानों पर 27 व 28 दिसंबर को अवकाश रहेगा इस संबंध में सरकार ने अधिसूचना भी जारी की है। राज्य सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि हिमाचल प्रदेश सरकार के नियंत्रणाधीन सभी कार्यालय, जिनमें बोर्ड और निगम शामिल हैं तथा सभी शैक्षणिक संस्थान दिवंगत नेता के सम्मान में 27 और 28 दिसंबर, 2024 को दो दिन के लिए बंद रहेंगे। ये दो दिन राज्य सरकार के प्रतिष्ठानों के सभी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए सवेतन अवकाश होंगे।

बता दें कि पूर्व पीएम के निधन के संबंध में दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने एक प्रेस रिलीज जारी की, जिसमें बताया गया, ”अत्यंत दुःख के साथ हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के 92 वर्ष की आयु में निधन की सूचना देते हैं। उनकी आयु-संबंधी चिकित्सा स्थितियों का उपचार किया जा रहा था और 26 दिसंबर 2024 को घर पर ही उन्हें अचानक बेहोशी आ गई। घर पर तुरन्त उन्हें बचाने के उपाय शुरू किए गए। उन्हें रात 8:06 बजे नई दिल्ली के एम्स के मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *