Breaking: शिमला में बर्फ़बारी के साथ होगा नए साल 2025 का स्वागत,कल से करवट बदलेगा मौसम


शिमला-26 दिसंबर. हिमाचल में नए साल का स्वागत बर्फ़बारी के साथ हो सकता है। ऐसा हम नहीं बल्कि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला कह रहा है। मौसम विज्ञान ने कल यानी 27 दिसंबर से बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है.मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 27 दिसंबर दोपहर बाद मौसम अपना मिजाज बदलेगा और राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होगी. इसके बाद 29 दिसंबर तक मौसम इसी तरह सुहावना बने रहने का पूर्वानुमान है. नए साल पर 31 दिसंबर और 1 जनवरी को भी राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. एक पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है. इसका असर 27 दिसंबर दोपहर बाद दिखना शुरू हो जाएगा. यह पश्चिमी विक्षोभ 29 दिसंबर तक अपना असर दिखाएगा. इस दौरान राज्य के मुख्य पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी होगी. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कई इलाकों में तापमान आठ से नौ डिग्री तक लुढ़कने की भी चेतावनी जारी किया है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से एहतियात बरतनी की अपील की है.

बता दें कि बीते दिनों हुई बर्फबारी और बारिश की वजह से राज्य में 157 सड़कें बंद हैं. इसके अलावा प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे भी बंद पड़े हुए हैं. राज्य में 25 जगह पर बिजली सेवा और 12 जगह पर जल आपूर्ति बाधित है. बर्फबारी की वजह से सबसे ज्यादा जिला शिमला प्रभावित है. यहां 72 सड़क बंद हैं. जिला शिमला के दूरदराज इलाके डोडराक्वार में सबसे ज्यादा 14 सड़क बंद हुई हैं.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *