शिमला-04 नवंबर. स्कूलों में स्थाई नीति की मांग को लेकर वोकेशनल टीचर्स संघ ने आज शिमला में प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदेश सरकार से इन कंपनियों को बाहर करने की मांग की। शिक्षकों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उनकी सैलरी बढाई है, यह स्वागत योग्य है और इसके लिए वे सरकार का धन्यवाद भी करते हैं। लेकिन वोकेशनल शिक्षा की सर्विस प्रोवाइडर कंपनियां मनमानी कर रही है। शिक्षकों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दिवाली को देखते हुए सभी सरकारी विभागों, उपक्रमों और इनके तहत लगे कर्मचारियों को 28 अक्टूबर को एडवांस सैलरी देने की बात कही थी, लेकिन कंपनियों ने एडवांस सैलरी नहीं दी जिससे उनकी दिवाली फीकी रही है।
शिक्षकों ने कहा कि सरकार ने कंपनियों को अप्रैल से सितंबर तक का एरियर उनको एकमुश्त जारी करने के आदेश भी दिए थे। लेकिन कुछ कंपनियों ने अभी तक पिछले छह माह का एरियर नहीं दिया। शिक्षकों ने कहा कि उनकी सरकार से कोई नाराजगी नहीं है क्योंकि सरकार ने उनकी सैलरी बढाई है। मगर कंपनियां मनमानी कर रही हैं, उसके विरोध में उनको सड़कों पर उतरना पड़ा है।
शिक्षकों ने कहा कि उनका दो दिनों तक शिमला में धरना प्रदर्शन करने का कार्यक्रम है। लेकिन अगर सरकार कंपनियों को बाहर करने का आश्वासन नहीं देती है तो वे अपना आंदोलन तब तक जारी रखेंगे जब तक कि उनकी मांग नहीं मानी जाती।
