शीतलहर की चपेट में समूचा प्रदेश 9 जगहों का पारा माइनस में


शिमला-07 जनवरी. सूखे की मार के चलते हिमाचल प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। सूबे में नाै स्थानों पर रात का पारा माइनस में दर्ज किया गया है। जबकि दो जगह शून्य में दर्ज किया गया। पहाड़ी भागों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक ठिठुरन बढ़ गई है। राज्य के सभी स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम चल रहा है। बीते दिन रोहतांग, सोलंगनाला और पांगी में हुई बर्फबारी से जनजातीय क्षेत्रों में शीतलहर और बढ़ गई है।

माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 13 जनवरी तक माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। बिलासपुर, ऊना, मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में 11 जनवरी तक सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुछ स्थानों पर 7 व 8 जनवरी को शीतलहर का येलो अलर्ट है।  वहीं, रावी नदी का जलस्तर घटने से होली में दो विद्युत परियोजनाओं में बिजली उत्पादन बंद हो गया है। ऊना में धुंध का कहर बढ़ गया है। दृश्यता 5 मीटर तक सिमट गई है।

वहीं बिलासपुर में घना, पांवटा साहिब मध्यम व ऊना में हल्का कोहरा छाया रहा। आज राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में धूप खिली हुई है। शिमला में न्यूनतम तापमान 1.5, सुंदरनगर 0.7, भुंतर 0.5, कल्पा -5.2, धर्मशाला 4.8, ऊना 5.8, नाहन 5.0, पालमपुर 2.0, सोलन -1.1, मनाली -1.4, कांगड़ा 2.5 , मंडी 2.1, बिलासपुर 2.5, हमीरपुर 2.8, जुब्बड़हट्टी 3.6, कुफरी -1.3, कुकुमसेरी -9.2, नारकंडा -2.9, रिकांगपिओ -2.0, सेऊबाग -0.5, बरठीं 0.9, पांवटा 9.0, सराहन 4.1, देहरागोपीपुर 7.0, ताबो -9.4, नेरी 4.2 व बजाैरा में 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *